राजकीय मेडिकल कालेज के निकट करीब दो एकड़ क्षेत्रफल में 17 करोड़ की लागत से किसान बाजार बन रहा है। इसका निर्माण कार्य तेज हो गया है। दिसंबर तक इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। एक ही छत के नीचे किसानों को शापिंग माल, हाल, बैंक व पोस्टआफिस की सुविधा उपलब्ध होगी। निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए बुधवार को मंडी परिषद लखनऊ से अधिकारियों की टीम पहुंची।
यूपी मंडी परिषद लखनऊ के निदेशक डा. आदित्त, डिप्टी डायरेक्टर वकर्स हाकिम सिंह, डिप्टी डायरेक्टर श्रीपाल के साथ करीब आधा दर्जन अफसर निर्माण स्थल पर पहुंचे। सभी अधिकारियों ने निर्माण कार्य में लग रही सामग्री का जायजा लिया। इसके बाद तैयार भवनों को भी देखा। कार्यदाई संस्था कार्तिकेय प्रोजेक्शन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक दिनेश सिंह को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। इस दौरान डा. आदित्य ने मीडिया को बताया कि यह किसान बाजार 17 करोड़ की लागत में बन रहा है।
इसका निर्माण कार्य अगस्त 2015 से शुरू हुआ था। पूर्व में यह जगह रेंज वन कार्यालय की थी। भूमि ट्रांसफर होने में देरी की वजह से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2016 तक निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। इसमें किसानों की सुविधा के लिए 26 दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। यह शापिंग माल दो मंजिला भवन में बन रहा है। इसके अलावा एक बैंकेटहाल भी बनाया जा रहा है।
इसमें किसानों को मीटिंग अथवा विवाह समारोह आदि के लिए भी बुकिंग की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कैंपस में बैंक व पोस्ट आफिस भवन का भी निर्माण कराया जा रहा है। इस किसान बाजार के जरिये एक ही छत के नीचे किसानों की हर जरूरत पूरी होगी।