कन्नौज। जिला अस्पताल की मंगलवार दोपहर 12 बजे बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने पर जनरेटर तो चल गया पर डिजिटल एक्सरे मशीन जेनरेटर से नहीं संचालित हो सकी। ऐसे में मरीजों को एक्सरे के लिए इंतजार करना पड़ा। एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी और उसके बाद मरीजों के एक्सरे हो सके।
जिला अस्पताल की एक घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली न आने के कारण एक्सरे कक्ष के बाहर खड़े मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली न आने पर जनरेटर से बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से होती रही पर एक घंटे तक डिजिटल एक्सरे मशीन नहीं चल सकी और मरीजों को बिजली आने का इंतजार करना पड़ा।
एक घंटे के बाद बिजली कर्मियों ने फाल्ट को सही कर आपूर्ति बहाल की, जिसके बाद मरीजों के एक्सरे किए गए। आए दिन फाल्ट होने के कारण अस्पताल की बिजली गुल हो जाती है और मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बताया कि फाल्ट के कारण एक घंटा बिजली न आने से एक्सरे नहीं हो सकी। बिजली आने पर सभी मरीजों के एक्सरे किए गए।