कन्नौज। मतदान केंद्र पर मंगलवार को मतदाताओं को निर्वाचक नामावली पढ़कर सुनाई गई। साथ ही सूची दिखाकर उसमें दर्ज नाम, पता और अन्य विवरणों का सत्यापन कराया गया। तिर्वा में डीएम ने बैठक कर बीएलओ को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
गुरसहायगंज के मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज में मतदान केंद्र भाग संख्या 496 के बीएलओ गीतेश कुमार, भाग संख्या 497 के बीएलओ जनादेश मिश्रा तथा भाग संख्या 498 के बीएलओ आदित्य ने अपने-अपने भाग की निर्वाचक नामावली मतदाताओं को पढ़कर सुनाई। इसके बाद सूची में एक-एक नाम का मिलान कराकर सत्यापन कराया गया। इस दौरान मतदाताओं ने अपनी प्रविष्टियों को ध्यानपूर्वक देखा और नाम, पता सहित अन्य जानकारियों की जांच की। जिन मतदाताओं के नाम या विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि पाई गई, उन्हें उसे दुरुस्त कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने मतदाताओं से सूची में दर्ज विवरणों का भलीभांति मिलान करने की अपील की। उधर, गोमती देवी आदर्श इंटर कॉलेज केंद्र पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की मूल निर्वाचक नामावली को सभी पूरक सूचियों के साथ एकीकृत कर दिया गया है। इस मौके पर कॉलेज प्रबंधक विजय मिश्रा, प्रधानाचार्य प्रवल प्रताप सिंह, वीर सिंह आदि मौजूद रहे।
फोटो:24: बूथों का निरीक्षण करते उप जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी। संवाद
एसडीएम ने बूथों का निरीक्षण किया
छिबरामऊ। उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने मंगलवार को क्षेत्र के बूथों पर पहुंच कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने, प्राप्त आवेदनों का समय से निस्तारण करने पर बल दिया। कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया है कि वे घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करें और कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। कार्य में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बैठक कर बीएलओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
फोटो:25: मतदाता सूची देखते नागरिक। संवाद
मतदाता सूची देखने पहुंचे ग्रामीण
जसोदा। ग्राम पंचायत फतेहपुर जसोदा में लेखपाल परमानंदनी द्वारा मतदाता सूची का प्रकाशन कराया गया। इस दौरान बूथ 57 पर तेजप्रकाश, बूथ 58 पर अनीता, बूथ 59 पर आशीष, बूथ 60 पर नीतू तथा बूथ संख्या 61 पर अंजू तिवारी ने मतदाता सूची प्रकाशित की। मतदाता सूची के प्रकाशन की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने नाम और अन्य विवरण देखने के लिए पहुंचे। इस दौरान लोगों ने मतदाता सूची का अवलोकन किया। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूची को बूथ स्तर पर उपलब्ध कराया गया, जिससे मतदाता अपनी जानकारी की जांच कर सकें।
डोर-टू-डोर सर्वे कर छूटे मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ें
तिर्वा। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने तहसील सभागार में बैठक के दौरान कहा कि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। कहा कि एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं समेत सभी पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में पंजीकरण कराया जाए। जिन लोगों का नाम सूची में शामिल नहीं है, उनसे फॉर्म-छह भरवाकर पंजीकरण किया जाए। इसके लिए सभी बीएलओ अपने मतदान क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार से संपर्क करें और मतदाता सूची का सत्यापन करें। उन्होंने नवविवाहित महिलाओं, पात्र युवाओं और अब तक छूटे मतदाताओं को चिह्नित कर सूची में शामिल करने पर जोर दिया। फॉर्म-छह में आवेदक का नाम, पता, नवीन फोटो और मोबाइल नंबर सही दर्ज करने के साथ हस्ताक्षर अथवा अंगूठे का निशान लेना अनिवार्य बताया।
डीएम ने सभी ईआरओ को प्रतिदिन कम से कम 10 से 12 बीएलओ के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा कर तीन दिनों में प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम वैशाली, तहसीलदार अभिषेक मिश्रा, तहसीलदार न्यायिक लविन कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।