छिबरामऊ (कन्नौज)। दिनदहाड़े सरफा व्यवसायी की पत्नी मंजू वर्मा की हत्या का खुलासा गुरुवार को हो गया है। इस वारदात को उनके पूर्व ड्राइवर शालू उर्फ सल्लू ने अंजाम दिया था। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बनवारी नगर में मंजू वर्मा (56) की 25 मई को हत्या कर जेवर लूटे गए थे। पुलिस की चार टीमों ने 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सुबह पुलिस को आरोपी की लोकेशन फर्रुखाबाद सड़क पर मिली। घेराबंदी करने पर शालू ने पुलिस पर तमंचे से गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल शालू को गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसके पास से लूटे गए जेवर, तमंचा और एक लाल रंग की बाइक बरामद हुई। इलाज के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
साहब ! मुझे मत मारो, मैं सब कुछ बताने को तैयार हूं...
साहब ! मुझे मत मारो, मैं सब कुछ बताने को तैयार हूं, बस पानी पिलवा दीजिए, गला सूख रहा है, प्यास से जान हलक में आ रही है। यह गुहार मुठभेड़ के बाद इलाज के दौरान सीएचसी में हत्यारोपी शालू उर्फ सल्लू मौजूद हर व्यक्ति से लगा रहा था। उसके चेहरे पर पछतावे के भाव झलक रहे थे। बताया कि कर्जदार रुपये न देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। धमकियाें से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। उसका मालकिन की हत्या का कोई इरादा नहीं था। उसने 30 हजार रुपये मांगे थे, उन्होंने सीधे मना कर दिया और भला बुरा भी कहा। पहले से ही काफी परेशान होने के कारण उसका गुस्सा बढ़ गया और उसने सिर व नाक पर घूसों से वार किए थे। उसे नहीं पता था कि उसकी पिटाई से उनकी मौत हो जाएगी। उसने अपने हाथों से ही अपना व राजीव वर्मा का घर बर्बाद कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
हत्या के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज में गमछे से चेहरा ढंके युवक लाल बाइक घसीटते दिखा था। तीन दिन की पहचान के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की जंजीर, छह अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक तमंचा और चोरी की गई लाल रंग की बाइक भी मिली है।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
दिनदहाड़े हुए इस अंधे कत्ल का तीन दिनों के अंदर खुलासा करने पर एसपी विनोद कुमार ने कोतवाल कपिल दुबे, एसओजी प्रभारी त्रदीप सिंह, सर्विलांस टीम के एसआई रावेंद्र सिंह, मनुज चौधरी समेत अन्य पुलिस कर्मियों की पीठ थपथपाई गई है। पुलिस की त्वरित व सटीक कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम को 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार देने का एलान किया है।