पीएसएम महाविद्यालय में बीएड संकाय में अध्ययनरत
छात्रा व उसके भाई की मौत की खबर पाकर छात्रों में उबाल आ गया। आनन-फानन
में छात्र-छात्राओं ने एकत्र होकर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान
छात्र एकता जिंदाबाद के नारे शुरू हो गए।
आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी व
परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर जाम
लगा दिया गया। इस दौरान जीटी रोड से गुजरने वाले जिस किसी ने भी निकलने की
हिमाकत की उस पर छात्राएं झपट पड़ीं और वाहनों की चाबियां छीन लीं।
सूचना
पाकर पहुंचे एसडीएम सदर सुनील शुक्ला ने आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाकर जाम
खुलवाया। ज्ञात हो कि गुरुवार की सुबह पीएसएम कालेज में अध्ययनरत चचेरी
बहन रेनू को छोड़ने के लिए उसका भाई दीपक मोटर साइकिल से आ रहा था। बरगांवा
के निकट स्कूल बस की टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
छात्रा
ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भाई की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। छात्रा
की मौत की खबर जैसे ही महाविद्यालय पहुंची छात्र-छात्राएं आग-बबूला हो
उठे, और उन्होंने विद्यालय में छुट्टी करा दी और हुजूम की शक्ल में
महाविद्यालय गेट से जीटी रोड पर पहुंच गए।
इस दौरान नारेबाजी करते हुए
आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी व आर्थिक सहायता देने की मांग की। बाद में
पहुंचे एसडीएम सदर सुनील शुक्ला ने घटना पर अफसोस जताते हुए कहा कि घटना
बेहद दुखद है। छात्रों को भरोसे में लेते हुए कहा कि सरकार की ओर से जो भी
मदद मिलती है, उसके अधिक दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
एसडीएम के
आश्वासन के बाद छात्र माने। इस मौके पर छात्रसंघ अध्यक्ष राजू यादव, चंदन
यादव, अभिमन्यु सिंह, संगीत चतुर्वेदी, मंगलम पांडेय, अजय शर्मा, शिवकुमार
यादव, पारुल कटियार, निधि द्विवेदी, प्रज्ञा, स्वाती, अंशिका, श्वेता, सोनम
सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रही।