कन्नौज। प्रेमिका को मंदिर लेकर पहुंचे युवक की भीड़ ने पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक-युवती को हिरासत में ले लिया। कोतवाली पहुंचे परिजन युवती को अपने साथ घर ले गए। पुलिस युवक के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि युवक ने अपना नाम भी बदल रखा था।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ला का रहने वाला एक युवक का दूसरे समुदाय की युवती से करीब छह माह से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक ने अपना नाम बदलकर युवती से पहले दोस्ती की, फिर उसको अपने प्रेम जाल में फंसाया। सोमवार को वह दोनों शहर के सिद्धपीठ माता फूलमती मंदिर घूमने पहुंचे थे।
मंदिर में कुछ स्थानीय लोगों ने युवक को पहचान लिया। देखते ही देखते वहां पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने युवक का नाम पूछा। नाम बताते हुई भीड़ ने युवक की पिटाई करनी शुरू क दी। मामले की सूचना पर कला चौकी प्रभारी पारूल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस दोनों को अपने साथ कोतवाली ले आई। सूचना पर युवती के परिजन कोतवाली पहुंचे। कार्रवाई न करने की बात कहकर युवती को अपने साथ ले गए। कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी ने बताया कि युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।