गुरसहायगंज। गाय, गंगा, गीता, तुलसी और पीपल हिंदू समाज की आस्था, संस्कृति और जीवनशैली के अभिन्न अंग हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन से ही भारतीय संस्कृति की परंपराएं जीवित हैं। गाय भारतीय अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। गाय के दूध को अमृत के समान माना गया है। वहीं तुलसी, पीपल और बरगद का भी हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। यह बातें मंगलवार को गोपाष्टमी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में खंड कार्यवाह सचिन पाठक ने कहीं।
जलालाबाद में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गाय के दूध से लेकर गोमूत्र तक को पवित्र माना जाता है। गाय से प्राप्त पंचगव्य का धार्मिक और पारंपरिक महत्व है। पीपल में ब्रह्मा, विष्णु और महेश का वास माना गया है, जबकि तुलसी को भगवान शालिग्राम से जोड़कर पूजा जाता है। गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होने की मान्यता है। उन्होंने कहा कि गीता, गंगा, गाय, तुलसी, पीपल और बरगद के बिना हिंदू जीवन की कल्पना अधूरी है।
इस अवसर पर आरएसएस के जिला सेवा प्रमुख राजेश कटियार ने कहा कि गाय की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। गाय हमारे घर की लक्ष्मी और खेतों की समृद्धि का आधार है। गोशालाओं में सहयोग करें और गोवंश की रक्षा के लिए आगे आए। कहा कि समाज को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए। घरों और आसपास तुलसी व पीपल के पौधे लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब गाय बचेगी तभी गांव बचेगा और गांव सुरक्षित रहेगा तभी भारत की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।