कन्नौज। परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी लगे होने चाहिए। प्रश्न पत्र सीसीटीवी की निगरानी में खोले जाएं। परीक्षा से 45 मिनट पहले प्रश्नपत्र का कलर कोड पता चल सकेगा। ताकि पेपर लीक होने की संभावना कम रहेगी। यह बात शनिवार को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने आरओ-एआरओ के लिए बनाए गए 13 परीक्षा केंद्राें का निरीक्षण करने के बाद कही।
डीएम ने कहा कि टेंपो स्टैंड, प्रमुख चौराहों व तिराहों पर परीक्षा केंद्र का नाम सहित संकेतक बोर्ड लगाया जाए। ताकि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को असुविधा न हो। ई-रिक्शा, ऑटो व टेंपो चालकों के यूनियन को इसकी जानकारी मुहैया कराई जाए। इससे परीक्षार्थियों को समय से वाहन की उपलब्धता हो सके। केंद्रों पर मोबाइल जमा करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी की नियुक्ति की जाए। परीक्षा केंद्र में कागज, पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, पर्स, चश्मा, टोपी, मोबाइल, पेन ड्राइव, कैमरा, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, डिजिटल पेन, हेल्थ बैंड एवं खाद्य सामग्री आदि वस्तुएं पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगी।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए पुलिस द्वारा सघन चेकिंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच, महिला पुलिस कर्मियों द्वारा ही की जाएगी। प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची चेकिंग बिंदु पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी में शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।