कन्नौज। जिले की कोतवाली और थानों की हालत में सबकुछ बेहतर नहीं चल रहा है। वहां सुनवाई न होने से बड़ी संख्या में परेशान होकर फरियादी जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं। एसपी कार्यालय में फरियादियों की लगने वाली लाइन से अफसर भी हैरत में हैं। बुधवार को जनसुनवाई के दौरान एसपी के सामने ऐसे कई मामले सामने आए। एक मामले में तो यह शिकायत मिली कि गुरसहायगंज कोतवाली के बाहर दलालों का अड्डा है। पुलिस की मिलीभगत से दलाल के कहने पर ही रिपोर्ट में फेरबदल होता है। शिकायत सुनकर भड़के एसपी ने तत्काल कोतवाल को मोबाइल से फोन कर नाराजगी जताई। गलत गतिविधियों पर अंकुश लगाने की ताकीद की।
दरअसल बुधवार को एसपी कार्यालय में सुबह से ही बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे थे। एसपी कुंवर अनुपम सिंह बारी-बारी से फरियादियों को बुलाकर परेशानी सुन रहे थे। संबंधित थानों से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई का आदेश भी दे रहे थे। इसी बीच दो युवतियों ने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया और पीड़ा साझा की। उनकी बातों को सुनकर कप्तान का पारा चढ़ गया। उन्होंने कुछ और जानकारी की, युवतियों का जवाब सुनकर उन्होंने पीआरओ से गुरसहायगंज कोतवाल को फोन लगाने को कहा। उनके लाइन पर आते ही बोले, कोतवाली के बाहर झोपड़ी डालकर दलाली हो रही है। वहां जाने वाले फरियादियों का उन दलालों के मुताबिक तहरीर लिखवाकर उनके मुताबिक ही रिपोर्ट की एफआईआर या एनसीआर दर्ज हो रही है। यह गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए। इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगवाएं। कोतवाल ने जवाब में जब कुछ कहा तो कप्तान ने कहा कि पहले इन पीड़िताओं की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराएं, उसके बाद जांच करें। जो मामला सामने आए उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई करें। किसी दलाल के कहने पर कोई फैसला न करें। एसपी ने पास बैठे एएसपी से कहा कि अगर वहां की इस तरह की गतिविधियां नहीं रुकीं तो दलालों की झोपड़ी भी हटेगी और जिम्मेदार पर भी कार्रवाई होगी।
यह है मामला, जिस पर भड़के एसपी
गुरसहायगंज कोतवाली के अनिभोज गांव से पहुंची दो युवतियों के प्रार्थन पत्र को पढ़कर ही एसपी खफा हुए। युवतियों ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने की शिकायत की थी, लेकिन गुरसहायगंज कोतवाली में उनकी सुनवाई नहीं हुई। उन्हें वहां बाहर बैठे दलालों ने कोतवाली में न जाने की भी बात कही। इसी से परेशान होकर वह दोनों कप्तान से मिलने पहुंचीं थीं। एसपी ने दोनों को आश्वस्त किया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।