पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान में अराजकतत्वों को बूथों पर गुंडई करने से रोकने के लिए पुलिस कैमरों का सहारा लेगी। एसपी के आदेश पर बवाली मतदान केंद्रों पर खुफिया कैमरे लगाकर वीडियो रिकार्डिंग करने की तैयारी की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि अभी तक के चुनाव में बूथों के बाहर प्रत्याशी व उनके समर्थकों के बीच छुटपुट वारदातें होती रही हैं। मामलों में रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी हैं।
अब इन अराजकतत्वों से निपटने के लिए खुफिया कैमरे मतदान केंद्रों पर लगाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस अत्याधुनिक मोबाइल सेटों के जरिए भी वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगाी। मतदान केंद्र पर गड़बड़ी हुई तो वीडियो रिकार्डिंग के आधार पर कानून तोड़ने वालों के खिलाफ संगीन धाराओं में अभियोग दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कैमरों को उपद्रवियों के खिलाफ सबूत के तौर पर पेश करेगी, क्योंकि जो लोग बवाली मतदान केंद्रों पर जाकर चुनाव में खलल डालेंगे, फर्जी मतदान करेंगे या झगड़ा करेंगे तो उनके चेहरे रिकार्डिंग में नजर आएंगे। ऐसी स्थिति में झूठ बोलकर बचने का कोई रास्ता नहीं होगा। तब पुलिस उपद्रवियों को आसानी से पहचान करके दंडित कर सकेगी।
वीडियो रिकार्डिंग में लगाए गए सिपाहियों को निर्देश दिए गए हैं कि जैसे ही कोई खुराफात होती नजर आए तो वे फौरन रिकार्डिंग शुरू कर दें। इस दौरान किसी के साथ कोई रियायत न बरती जाए।