कन्नाैज। मोहल्ला हर्षवर्धन नगर निवासी जयकुमार दिवाकर ने बताया कि कपड़े धोकर अपना गुजारा करता है। आर्थिक तंगी के चलते वर्ष 2023 में अपने कुछ जेवर गिरवी रखकर रुपये उधार लिए थे। सरायमीरा में जीटी रेाड स्थित अंबे ज्वैलर्स के प्रोपराइटर इंद्र गुप्ता के पास जाकर जेवर गिरवी रखे थे, जिस पर इंद्र ने पुत्र रानू और अन्य दो साथियों के साथ मिलकर अढाई प्रतिशत वार्षिक ब्याज पर 55 हजार रुपये में जेवरात गिरवी रखे थे। बताया कि समय-समय पर ब्याज चुकाता रहा। 12 दिसंबर को मित्र संजू के साथ ब्याज सहित रुपये वापस देने गया तो आरोपियाें ने 83700 रुपये ब्याज बताया। पीड़ित के अधिक ब्याज की शिकायत करने पर अरोपियों ने जातिसूचक गालियां देकर प्रताड़ित किया। आरोप है कि जेब में रखे 63700 रुपये और जंजीर भी लूट ली। काफी मशक्कत के बाद भी जब प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो न्यायालय की शरण ली। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।