छिबरामऊ। क्षेत्र के करमुल्लापुर गांव में दबंगों ने नाले पर बांध लगाकर गंदे पानी को रोक दिया, जिससे गंदा पानी घरों में घुस रहा है। गांव की महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन साैंपकर बांध खुलवाने की मांग की है।
ग्राम करमुल्लापुर की महिलाएं मंगलवार को क्षेत्र के तहसील मुख्यालय पहुंचीं और एसडीएम उमाकांत तिवारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने नाले पर बांध बनाकर गंदा पानी रोक दिया है, जिससे पानी मुख्य मार्ग पर भरकर घरों में घुस रहा है। इससे न सिर्फ आवागमन बाधित है बल्कि उनको परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। ग्रामीण जलभराव के कारण बीमारियां फैलने की आशंका जता रहे हैं। इस दौरान नेहा, मीना, सुशीला देवी, गुड्डी, मोहिनी आदि मौजूद रहीं।