तीन दिन पहले इंदरगढ़ में पेट्रोल पंप का कैश लेकर जा
रहे सेल्समैन की बदमाशों ने बस में गोली मारकर हत्या कर कैश लूट लिया था।
शुक्रवार को परिजनों ने सेल्समैन के शव को पेट्रोल पंप पर रखकर मुआवजे की
मांग को लेकर हंगामा किया। भीड़ के प्रदर्शन को देख पेट्रोल पंप कर्मियों
के हाथपांव फूल गए।
सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। पेट्रोल
पंप स्वामी और एसडीएम के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। क्षेत्र के ग्राम
नगला टीका निवासी रावेंद्र कुमार पुत्र गजाधर लाल बाथम इंदरगढ़ स्थित
पेट्रोल पंप पर सेल्समैन थे। तीन दिन पहले बुधवार की शाम वह पंप से कैश
लेकर वापस लौट रहे थे।
तभी बस के अंदर बदमाशों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर
लगभग डेढ़ लाख रुपये लूट लिए थे। गुरुवार को सेल्समैन के शव का
पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन उसके शव को घर लेकर आए थे। शुक्रवार की सुबह
होते ही परिजन ग्रामीणों की भीड़ के साथ शव को लेकर नगर के पूर्वी बाईपास
पर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे और वहां शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
यह
देख पेट्रोल पंप कर्मियों के हाथपांव फूल गए। उन लोगों ने कामकाज बंद कर
मामले की सूचना पेट्रोल पंप स्वामी को दी। कुछ देर बाद पेट्रोल पंप
स्वामी सतीशचंद्र चतुर्वेदी व अवधेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे। उधर भीड़ के
हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
भीड़ को
देख उन्होंने विशुनगढ़, सौरिख, तालग्राम थाने के फोर्स को भी बुला लिया।
हंगामे की जानकारी पर एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित भी पेट्रोल पंप पर
पहुंचे। इसके बाद पेट्रोल पंप स्वामी और अफसरों ने सेल्समैन के परिजनों से
वार्ता की। परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े थे।
एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि
किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये दिलाने का प्रयास किया
जाएगा। साथ ही पेट्रोल पंप स्वामी ने भी पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद का
भरोसा दिया। इस आश्वासन के बाद परिजन माने। इसके बाद वह लोग शव को वहां से
उठाकर अंतिम संस्कार को ले गए।