गुगरापुर। दो दिन पहले काली नदी में डूबे वृद्ध रामबहादुर का शव बुधवार देर रात तहसीपुर काली नदी पुल के नीचे मिला। नदी में शव उतराता देख ग्रामीणों ने बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।
क्षेत्र के ग्राम गुलरियनपुरवा निवासी रामबहादुर (65) मंगलवार सुबह मवेशी चराने घर से निकले थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। तब नदी में डूबने की आशंका लेकर बुधवार को एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया पर सफलता नहीं मिली।
शव की तलाश में लगे ग्रामीणों ने देर रात 10 बजे तहसीपुर पुल के नीचे एक शव उतराता देखा। तब ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर कुसुमखोर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार हमराहियों के साथ पहुंचे। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और शव की पहचान राम बहादुर के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।