सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिखवापुर में लूटपाट व किशोरी से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि किशोरी के पिता ने गांजा पीने के विवाद में उसकी पिटाई की थी। पिटाई का बदला लेने के लिए उसने वारदात को साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक कलानिधि ने सदर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कपूरापुर गांव निवासी नरेंद्र उर्फ कल्लू पुत्र लालाराम रैदास का पीड़ित परिवार के घर पर आना-जाना था। नरेंद्र व किशोरी का पिता अक्सर साथ बैठकर गांजा पीते थे। एक दिन उसने गांजा पिलाने से मना कर दिया। इस पर दोनों के बीच गालीगलौज हुई।
किशोरी के पिता ने नरेंद्र की जमकर पिटाई की थी। इसी रंजिश को लेकर नरेंद्र बदले की फिराक में था। उसने अपने साथी गुरुकृपा कोल्डस्टोरेज में साथ काम करने वाले शहनूर पुत्र महमूद, हसीब पुत्र शहादत, सद्दाम पुत्र मेहंदी हसन, सलमान पुत्र शम्मी निवासी कपूरापुर को साथ लेकर सिखवापुर पहुंचा। कुछ देर तक बातचीत करने के बाद पांचों लोगों ने योजना के तहत हमला बोल दिया। पहले परिजनों को बंधक बनाकर पीटा।
इसके बाद किशोरी के साथ पांचों ने गैंगरेप किया। स्वाट टीम प्रभारी दिनेश यादव व कोतवाली पुलिस ने मिलकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। उधर मानीमऊ प्रतिनिधि के अनुसार पीड़ित किशोरी की हालत में उपचार के बाद सुधार हुआ है। गुरुवार को वह इलाज कराने के बाद अपने गांव लौट आई।