कन्नौज। दो बहनों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने उसके घर से दबोच लिया। आरोपी युवक को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली के मधूपुर निवासी अनुज कुमार जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में संविदाकर्मी था। आरोप है कि करीब दो साल पहले युवक ने क्षेत्र के ही एक गांव की रहने वाली दो सगी बहनों की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर परिजनों से पांच लाख रुपये ठग लिए थे। युवक ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिए। जब युवतियां नियुक्ति पत्र लेकर तैनाती कार्यालय पर पहुंची तो नियुक्ति पत्र फर्जी निकले और धोखाधड़ी की जानकारी हुई। जब आरोपी युवक से रुपये वापस मांगे तो वह पहले तो टरकाता रहा, इसके बाद जान से मारने की धमकी देने लगा। इस बीच शिकायत मिलने पर उसे विभाग से निकाल दिया गया। पीड़ित परिजन की तहरीर पर पुलिस ने चार नवंबर 2025 को आरोपी युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की लेकिन आरोपी युवक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। सोमवार तड़के पुलिस ने आरोपी युवक के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि आरोपी युवक को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।