गुरसहायगंज। लेखपाल पर धोखाधड़ी कर कीमती जमीन का फर्जी बैनामा कराए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी जसोदा के फतेहपुर जसोदा निवासी गीता देवी ने बताया कि जसोदा रेलवे स्टेशन के पास स्थित उनकी पैतृक भूमि है जो उनके पुत्र गौरव सिंह, विशाल सिंह और ऋषभ सिंह के नाम दर्ज है। जमीन का कुछ हिस्सा उन्होंने पूर्व में तिर्वा के अवंतीवाई नगर निवासी शिवम् गुप्ता व शुक्ला कॉलोनी निवासी अनूप राठौर और हरिवंश सिंह के नाम नवंबर 2023 और दिसंबर 2024 में बैनामा किया था।
आरोप है कि इसी दौरान स्वयं को लेखपाल बताने वाले तिर्वा निवासी शिवम गुप्ता ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए जिनमें गीता देवी तथा उनके बेटों की पहचान बदल दी। आरोप है कि उन्हें अपने परिजन के रूप में दर्शाते हुए जमीन का एक हिस्सा किशवापुर निवासी प्रदीप कटियार और ग्राम सतवारी निवासी आरती के नाम बैनामा कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि शिवम् गुप्ता लगातार दबाव बना कर कार्रवाई की धमकी देता था। पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध साक्ष्य के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।