परीक्षा तैयारी की जानकारी लेते डीएम रवींद्र कुमार, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह, अपर जिलाधिकारी यू?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कलक्ट्रेट सभागार में आठ जनवरी को होने वाली टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) को नकल विहीन आयोजित कराने के लिए समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षा देने के लिए आने वाले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद प्रवेश दिया जाए। परीक्षा केंद्र के आसपास फोटो कापी सेंटर परीक्षा के दिन बंद रहेंगे।
डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि जिले में टीईटी के लिए 25 केंद्र बनाए गए हैं। प्राइमरी में 11388 व अपर प्राइमरी में 4487 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। केंद्र व्यवस्थापकों को अपने किसी पाल्य के परीक्षा नहीं देने का प्रमाण ले लिया गया है। परीक्षा केंद्र पर फर्नीचर, पेयजल, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाओं को पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों का जोनल मजिस्ट्रेट दोबारा निरीक्षण कर लें। जिलाधिकारी ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेट, पहली पाली में 25 स्टेटिक, दूसरी पाली में ग्यारह स्टेटिक व 50 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में महिला-पुरुष सिपाहियों की ड्यूटी लगाई है। किसी तरह की दिक्कत होने पर केंद्र व्यवस्थापक मोबाइल पर सूचना देंगे। तत्काल अतिरिक्त फोर्स भेजा जाएगा। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी यूसी उपाध्याय, एएसपी विनोद कुमार, एसडीएम सदर शैलेष कुमार, एसडीएम छिबरामऊ गौरव कुमार, बीएसए केके ओझा सहित केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य मौजूद रहे।