सौरिख थाना क्षेत्र में लड़की भगाने के एक मुकदमे में गवाह बसपा विधानसभा क्षेत्र के सचिव महेंद्र कठेरिया की कोर्ट में गवाही से ठीक एक दिन पहले कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने सचिव पर ताबड़तोड़ वार कर सिर शरीर से अलग कर दिया। चीख पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों को देख आरोपी मौके से भाग निकला। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर एएसपी, सीओ पुलिस बल के साथ पहुंचे।
अरुहो गांव निवासी पेशे से किसान महेंद्र बसपा की सक्रिय रहे। परिवार में पिता लल्लू सिंह कठेरिया, पत्नी गुड्डी देवी और पांच बच्चे है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे महेंद्र अपनी पत्नी गुड्डी के साथ बाइक से अपने धान के खेत पर गए थे। हसेरन रोड पर बाइक खड़ी करने के बाद वह खेत में शौच के लिए गए।
लौटते समय हमलावर ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस के अनुसार पीठ पर चार, सीने पर दो, पैर पर दो वार करने के बाद आरोपी ने सिर काटकर अलग कर दिया है। यह देख महेंद्र की पत्नी ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण खेत की तरफ दौड़ पड़े। हमलावर भाग निकला। बाद में ग्रामीणों ने वारदात की सूचना चपुन्ना चौकी पुलिस को दी।
इस पर चपुन्ना चौकी प्रभारी अमर बहादुर सिंह, सीओ बीपी सोलंकी, सौरिख एसएसआई रवींद्र नाथ यादव, इंदरगढ़ एसओ आरपी पांडेय, विशुनगढ़ एसओ सुरेश कुमार और एएसपी सुभाष चंद्र शाक्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी मृतक के चचेरे भाई पातीराम से पूछताछ की। मृतक की पत्नी के अनुसार हमलावर रजनेश के साथ सुरेंद्र और प्रेमचंद्र भी थे। रक्तरंजित कुल्हाड़ी लेकर सभी खेतों की तरफ पैदल भागे है। पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महेंद्र की पत्नी गुड्डी देवी की तहरीर पर रजनेश, सुरेंद्र, प्रेमचंद्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। स्वाट टीम और सर्विलांस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनएसए, गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। आरोपी की लोकेशन खडिनी क्षेत्र में ही मिल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुभाष चंद्र शाक्य अपर पुलिस अधीक्षक