छिबरामऊ। घिलोई गांव के पास जीटी रोड पर बाइक और टेंपो की भिड़ंत के बाद टेंपो पलट गया। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को 108 नंबर एंबुलेंस से सौ शैय्या चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। तीन की हालत गंभीर देख यहां से अलग-अलग जगह रेफर कर दिया गया है।
नगला धनी गांव निवासी अमित कुमार (25) बाइक से छिबरामऊ आ रहे थे। ग्राम घिलोई के पास सामने से आ रहे टेंपो से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इसके बाद टेंपो पलट गया।
इस हादसे में अमित कुमार और टेंपो में सवार नाजेमऊ नवीगंज थाना बेवर निवासी राहुल सिंह (20), छिबरामऊ के मोहल्ला पड़ाव निवासी मधु (20), ग्राम हज्जापुर नवीगंज थाना बेवर निवासी मुस्तकीम (26) और मुख्तार (16) घायल हो गए।
घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल राहुल सिंह, अमित कुमार और मधु को अलग-अलग स्थानों के लिए रेफर किया गया है।