सौरिख। मन्नत पूरी होने पर झंडा चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं का जत्था बुधवार को मंदिर पहुंचा। झंडा चढ़ाने के दौरान मंदिर का पुराना गेट अचानक भरभराकर गिर पड़ा, इससे भगदड़ मच गई और चार लोग घायल हो गए।
थाना क्षेत्र के गांव उड़ेलापुर से बुधवार को माता काली देवी मंदिर में पुरानी उड़ेलापुर निवासी श्याम सिंह जाटव की मन्नत पूरी होने पर मंदिर में झंडा चढ़ाया जा रहा था। इस धार्मिक कार्यक्रम में गांव एवं आसपास क्षेत्र के करीब 100 से अधिक लोग शामिल हुए थे। शाम छह बजे सभी लोग गांव से रवाना हुए और लगभग आधे घंटे बाद निवारी रामपुर स्थित माता काली देवी मंदिर पहुंचे। झंडा चढ़ाने के दौरान अचानक मंदिर का पुराना गेट गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आत्माराम जाटव (40), श्याम सिंह (62), ओमपाल (40 ) तथा निहारिका (3) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से गंभीर रूप से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि अन्य तीन घायलों को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।