तिर्वा (कन्नौज)। तहसीलदार ने एक अधिवक्ता पर जान से मारने की धमकी देने का, डायस पर रखी ऑर्डरशीट फाड़ने व न्यायालय में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। तहसीलदार की तहरीर पर पुलिस ने अधिवक्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आरोपी अधिवक्ता सुधीर कुमार ने तहसीलदार की ओर से लगाए गए सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि इस तरह का कोई भी विवाद नहीं हुआ है। जांच में सब सामने आ जाएगा।
तहसीलदार अवनीश सिंह यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 अप्रैल को किसी शासकीय कार्य से मुख्यालय लखनऊ गए हुए थे। इसी दौरान अधिवक्ता सुधीर यादव तहसील न्यायालय में पहुंचे और कथित रूप से न्यायालय परिसर में रखी महत्वपूर्ण फाइलों को इधर-उधर फेंक दिया। आरोप है कि डायस पर रखी ऑर्डरशीट को फाड़कर अपने पास रख लिया और न्यायालय की कुर्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि अधिवक्ता इसके बाद एसडीएम कार्यालय पहुंचा। जहां एसडीएम की मौजूदगी में फाड़ी गई ऑर्डर शीट प्रस्तुत करते हुए तहसीलदार को गोली मारने की धमकी दी। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।