सदर तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव की अध्यक्षता में जनता की समस्याएं सुनीं गई। विभिन्न विभागों से 59 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभाग के हवाले निस्तारण के लिए कर दिया गया।
तहसील दिवस के दौरान इस बार कम फरियादी आए। जो शिकायतें आईं उनमें ज्यादातर मामले राजस्व व पुलिस विभाग के रहे। इस दौरान सीडीओ ने बीते तहसील दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की प्रगति जांची। पता चला कि अभी भी आपूर्ति विभाग की 10, पुलिस विभाग की 26, विकलांग कल्याण विभाग की 1, सर्वे विभाग की 2, राजस्व विभाग की 31, विकास विभाग की 22, जल निगम की 1, आवास विकास की 1, समाज कल्याण विभाग की 11, विद्युत विभाग की 13, लोकनिर्माण विभाग की 1, डूडा की 1, नगर पालिका की 1, स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग की 1-1 शिकायत लंबित पाई गई।
इस पर सीडीओ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों की क्लास लगाई। तत्काल इन शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सुनील शुक्ला, सीओ सदर करन सिंह, बीडीओ साधना दीक्षित, नायब तहसीलदार आरके वर्मा, जल निगम के एई अरविंद त्रिपाठी, बीडीओ गुगरापुर गिरीश चंद्र द्विवेदी, सरायमीरा चौकी प्रभारी नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।