कन्नौज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रिक्त पदों के उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। जिले में तीन प्रधान, दो बीडीसी और करीब 2100 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव कराए जाएंगे। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उमर्दा ब्लाक के सखौली, जलालाबाद ब्लाक के जसपुरापुर सरैया व उत्तिमापुर पट्टी गांव में प्रधान पद के लिए उपचुनाव होगा। सदर ब्लाक के वार्ड 76 और हसेरन ब्लाक के वार्ड 27 में बीडीसी पद के लिए वोट पड़ेंगे। मतगणना के बाद यहां जनप्रतिनिधियों का निधन हो गया था। इनके अलावा करीब 2100 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर भी उपचुनाव होगा। बुधवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। छह जून को नामांकन और नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। सात जून को नामांकन पत्रों की वापसी व चुनाव चिह्न दिए जाएंगे। 12 जून को मतदान होगा। 14 जून को मतगणना की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि उपचुनाव की तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं।
वहीं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने बताया कि जिन अधिकारियों की पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगी थी, उन्हीं को उपचुनाव में जिम्मेदारी दी गई है।
208 प्रधानों को उपचुनाव से मिलेगी राहत
जिले में 499 प्रधान पद पर चुनाव हुए थे। 291 प्रधानों ने ही प्रधान पद की शपथ ग्रहण ली थी। उपचुनाव होने से बचे 208 प्रधानों की असंगठित ग्राम पंचायत भी पूरी हो जाएगी। इससे बाकी 208 प्रधान शपथ ग्रहण कर सकेंगे।