गुरसहायगंज। नौ साल पहले बकरीद के दिन घर से अचानक लापता किशोर परिजनों को महोबा के थाना कवरई के ग्राम बबूआखेडा से मवेशी चराते मिला। परिजनों ने स्थानीय थाना पुलिस की मदद से उसे शुक्रवार की शाम सुपुर्दगी में ले लिया। युवक के घर पहुंचने पर शनिवार को परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, वहीं उसे देखने के लिए लोगों का तांता लग गया।
समधन के मोहल्ला गांधीनगर निवासी तसवीर ख़ान का 16 वर्षीय पुत्र वसीम ख़ान वर्ष 2016 में बकरीद के दिन दोपहर को घर से अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की पर पता नहीं चला। मामले में परिजनों ने कोतवाली गुरसहायगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस भी उसे पकड़ नहीं सकी। परिजन भी थक हारकर बैठ गए थे। तभी परिजनों के परिचित कुछ मवेशी व्यापारियों ने युवक के महोबा जिले के थाना कबरई अंतर्गत बबुआखेड़ा गांव में एक व्यक्ति के यहां रहकर मवेशी चराने की जानकारी दी। परिजन बिना देरी किए बताई गई जगह पर पहुंचे तो युवक मवेशी चराते हुए खेतों पर मिला। परिजन उसे थाना कबरई ले गए और पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने वसीम से पूछताछ कर व साक्ष्यों के आधार पर युवक परिजनों को सौंप दिया।