रविवार की दोपहर कुछ बोलेरो सवार हमलावरों ने एक किशोर को भरे बाजार में हाकी-डंडों से जमकर पीटा। घटना से गुस्साए किशोर ने जीटी रोड पर ठेलिया लगाकर जाम लगा दिया। चौकी प्रभारी ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। मामले में किशोर ने जलालाबाद कस्बे के गांव तिलपई के 10-11 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
कस्बा जलालाबाद निवासी ऋषभ चौरसिया (17) ने बताया कि उसकी जलालाबाद रेलवे स्टेशन के सामने चाय-पकौड़ी की दुकान है। पास में उसके चाचा गणेश चौरसिया की दुकान है। शुक्रवार की शाम तिलपई के कुछ लोगों ने लेनदेन को लेकर उसके चाचा के साथ मारपीट की थी। उस समय उसने बीचबचाव किया था।
रविवार को जब वह दुकान पर बैठा था। तभी तिलपई के 10-11 लोगों ने हाकी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इसी बात से नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जलालाबाद चौकी इंचार्ज शोएब खान ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस छानबीन में जुट गई है।