कन्नौज। एग्री स्टैक योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री कार्य में गंभीर शिथिलता बरतने व दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना पर प्राविधिक सहायक को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान जिला कृषि रक्षा अधिकारी कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है।
आरोप है कि प्राविधिक सहायक राहुल पालीवाल को कई बार सचेत किए जाने के बावजूद फार्मर रजिस्ट्री कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं की गई। इसके अतिरिक्त वे बिना अनुमति के कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए जिससे शासकीय कार्यों के निष्पादन में उदासीनता बरती गई। विभाग की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से अशिष्ट एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का भी उन पर आरोप है। उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि राहुल पालीवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वहीं, निलंबित प्राविधिक सहायक राहुल पालीवाल ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि विभिन्न योजनाओं में उगाही कर धनराशि प्रदान न किए जाने के कारण उनके विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है।