न्याय पंचायत सलेमपुर के प्राथमिक विद्यालय महानगर में रसोईया के पति व पुत्र ने नि:शक्त प्रधानाध्यापक से अभद्रता कर सहायक अध्यापक से मारपीट कर दी। थाने पहुंचने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। शिक्षक संगठनों का दबाव बढ़ता देख पुलिस को आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ी। वहीं, शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर शिक्षकों ने ब्लाक के स्कूल बंद करने की चेतावनी दी है।
विकास खंड तालग्राम के प्राथमिक स्कूल महानगर में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे किचन कक्ष में रसोईया मोहिनी देवी, कुसमा देवी के साथ मंजू देवी खाना बना रहीं थीं। तभी मंजू देवी के पति ओम नारायण ने स्कूल पहुंचकर अपशब्दों का प्रयोग कर दिया। इससे नाराज नि:शक्त प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार ने मना किया तो सहायक अध्यापक राजीव कुमार व सरिता को गालियां देते हुए घर चला गया। थोड़ी देर बाद अपने पुत्र कमल को लेकर स्कूल आ पहुंचा और कक्षा चार में बच्चों को पढ़ा रहे शिक्षक राजीव कुमार के साथ मारपीट करते हुए कक्ष से बाहर खींच लिया। यहां उन्हें जमकर पीटा। मारपीट होती देख बच्चे शोर मचाते हुए कक्षाओं से बाहर भाग निकले। हेड टीचर, सहायिका व महिला रसोइयों व बच्चों ने दोनों से मोर्चा लेते हुए शिक्षक को बचाया। आरोपी पिता-पुत्र शिक्षक को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
घटना की जानकारी होने पर खंड शिक्षा अधिकारी नीलम वर्मा के निर्देश पर एबीआरसी डा. पंकज यादव व संकुल प्रभारी सुदीप कनौजिया स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने जांच कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। कुछ देर बाद ब्लाक तालग्राम के शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिलीप यादव व पूर्व शिक्षक संघ के बाल कृष्ण सविता, मंत्री कदीर खां, नजर निजायी, विकास यादव, ऋतिक चौरसिया, श्रवण कुमार, संजीव कुमार, विनय परासर, सरिता देवी, कृष्ण कुमार, कमर हुसैन, अखिलेश, मनोज कुमार, विद्यावती, राजेंद्र पटेल, प्रभात कुमार, नरेंद्र कुमार, दीप सिंह, तेज सिंह, सुभाष समेत दर्जनों शिक्षक थाने पहुंच गए। अध्यापक राजीव कुमार ने ओम नारायण पुत्र बृजकिशोर, कमल पुत्र ओम नारायण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मोहम्मद तारिक खान का कहना है कि शिक्षक की तहरीर के आधार पर मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। चौकी प्रभारी कस्बा तालग्राम के राकेश कुमार को जांच सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
जेल न गए आरोपी तो बंद करेंगे स्कूल
तालग्राम। शिक्षकों के ऊपर हो रहे हमले को शिक्षक संघ बर्दास्त नहीं करेगा। शिक्षकों के सम्मान से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता है। शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष दिलीप सिंह यादव व पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी बालकृष्ण सविता ने बताया आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी न हुई तो विकास खंड तालग्राम के सभी परिषदीय स्कूलों में शिक्षक अध्यापन कार्य बंद कर ताले डाल देंगे।
थाना पुलिस के खिलाफ आक्रोश
तालग्राम। शिक्षकों का कहना है कि थाना तालग्राम पुलिस की कार्यप्रणाली से शिक्षकों में रोष है। चार दिन पहले बिजली कर्मचारी एसएसओ राधेश्याम की पिटाई के बाद दूसरी घटना महानगर के शिक्षक राजीव कुमार के साथ घटित हो गई। जबकि पुलिस इसे साधारण घटना बताकर मामला टाल रही थी। पुलिस की यह लचर कार्रवाई निंदनीय है। वह पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर से करेंगे।
रसोइया को हटाने का रखेंगे प्रस्ताव
तालग्राम। ग्राम प्रधान उमा देवी व उनके पति तोताराम शर्मा का कहना है कि रसोईया मंजू देवी 17 जुलाई के बाद सेे स्कूल में खाने बनाने आईं थी। प्रधान व सचिव की ओर से प्रधानाध्यापक की शिकायत पर उसे कई बार हिदायत भी दी गई थी। वह अपनी जिम्मेदारी का निर्वाहन नहीं कर रही है। वहीं अब दबंग पुत्र के माध्यम से शिक्षक की पिटाई को देखते हुए अगली पंचायत बैठक में हटाने का प्रस्ताव पास कराएंगी।