सुभाष विद्यालय लिलुइया में शनिवार दोपहर नवनिर्मित
पांच कक्षों का लोकार्पण कस्बे के समाजसेवी देवानंद तिवारी ने किया।
उन्होंने मौजूद बच्चों को पाठ्यक्रम से संबंधित निशुल्क पुस्तकें भेंट कीं।
सुभाष
विद्यालय की प्रबंधक रानी देवी मिश्रा ने छात्रों की सुविधा के लिए स्कूल
परिसर में अब्दुल कलाम कक्ष, डा. बीआर अंबेडकर कक्ष, डा. राममनोहर लोहिया
कक्ष, वीरांगना अवंतीबाई कक्ष, पंडित मदनमोहन मालवीय कक्ष के भवनों को
निर्मित कराया था। लोकार्पण के बाद इन कक्षों को छात्रों की सुविधा के लिए
खोल दिया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यालय के नन्हे-मुन्ने
छात्र इन कक्षों में अध्ययन के माध्यम से महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा
लें। कार्यक्रम को समाजसेवी रामनारायन सिंह बघेल, ग्राम प्रधान गेंदनलाल
दोहरे, सुंदरलाल वर्मा, श्रीकृष्ण यादव, राजीव मिश्रा, अश्वनी तिवारी,
अनिल शुक्ला, श्यामबाबू तिवारी, वैभव तिवारी ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का
संचालन हरिश्चंद्र द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की
हेड टीचर रंजना द्विवेदी ने कहा कि उनके स्कूल में उर्दू व गणित विषयों की
निशुल्क कोचिंग की सुविधा छात्रों के लिए उपलब्ध है।