आसान किस्त योजना के तहत निजी नलकूपों के बिल संशोधित कराते किसान।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। निजी नलकूप स्वामियों के लिए बिजली विभाग ने आसान किस्त योजना शुरू की है। जो किसान 29 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन करा लेंगे उन्हें ब्याज में छूट के साथ आसान किस्तों में बकाया चुकाने की सहूलियत मिलेगी। रजिस्ट्रेशन न कराने वाले किसानों का कनेक्शन काट दिया जाएगा। इन्हें ब्याज सहित बकाया चुकाना होगा। योजना के तहत अभी तक 236 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
किसानों के निजी नलकूपों के बकाया बिल को जमा कराने के लिए आसान किस्त योजना लागू की गई है। इस योजना में कुल बिल पर लगे ब्याज पर 100 फीसदी छूट दी जा रही है। बिजली विभाग गांव-गांव कैंप लगाने के साथ बकायेदारों के कनेक्शन काट रहा है। विभाग ने अब तक 100 से अधिक नलकूपों के कनेक्शन काटे हैं। बुधवार को बिजली कार्यालय में काटे गए कनेक्शन के स्वामी बकाया बिल संशोधित कराने पहुंचे। 236 किसानों ने बकाया बिल जमा करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। वहीं 400 किसान बिल संशोधित कराने पहुंचे। अधीक्षण अभियंता जीपी यादव ने बकायेदारों के कनेक्शन काटने के निर्देश दिए हैं।