सौरिख(कन्नौज)। दिल्ली से लखनऊ जाते समय हाईवे पर टायर फटने से कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। तीन घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ग्राम सलेमपुर नहर के पास किलोमीटर संख्या 145 के सामने यह हादसा हुआ। लखनऊ की इंद्रलोक कॉलोनी निवासी कार चालक शिखर (30) पुत्र अरविंद और साथ में यश श्रीवास्तव (28) पुत्र कुंवर श्रीवास्तव निवासी इंद्रलोक कॉलोनी लखनऊ ,अभिषेक चौधरी, अभिषेक की पत्नी कोमल निवासी मुंशी पुलिया लखनऊ के साथ दिल्ली से लखनऊ जा रहे थे। टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर मीडियम डिवाइडर के जाल को तोड़ते हुए दूसरी साइड में पलट गई। सभी लोग गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, नामवर सिंह, गश्ती टीम के अनिल मिश्रा ने घायलों को कार से निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख पहुंचाया। डॉक्टरों ने यश श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज सीएचसी में हो रहा है।