कन्नौज। टास्क फोर्स टीम को एमडीएम रजिस्टर न दिखाने पर प्राथमिक विद्यालय अटारा की इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया। अमोलर ग्राम सभा के विद्यालयों में मेन्यू के मुताबिक सामग्री न दिए जाने पर प्रधान से जिम्मेदारी ले ली गई है। एमडीएम की जिम्मेदारी प्रबंध समिति को दिए जाने की संस्तुति प्रदान की गई है। प्राथमिक विद्यालय गुगरापुर में गैरहाजिर शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स टीम ने प्राथमिक विद्यालय अटारा का निरीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ डॉ.धीरेंद्र प्रकाश ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक ज्योति से एमडीएम रजिस्टर मांगा। वह रजिस्टर नहीं दिखा सकीं। अमोलर ग्राम सभा के परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम प्रधान मध्याह्न भोजन के लिए पूरी सामग्री नहीं देते हैं। इससे भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है। एमडीएम बनाने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान से हटाकर प्रबंध समिति को दिए जाने की संस्तुति की गई है। प्राथमिक विद्यालय गुगरापुर के निरीक्षण में सहायक अध्यापक गैरहाजिर मिले।
बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने कहा कि टास्क फोर्स की रिपोर्ट व जिलाधिकारी के निर्देश पर एमडीएम रजिस्टर नहीं दिखाने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। एमडीएम की जिम्मेदारी प्रबंध समिति को दिए जाने की कार्रवाई चल रही है। गैरहाजिर सहायक अध्यापक का एक दिन का वेतन काट दिया गया है।
शिक्षक पदस्थापन के लिए भरें विकल्प
परिषदीय विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण कार्य के लिए शिक्षकों की चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चयनित विद्यालयों में पहले से नियुक्त शिक्षक शिक्षण कार्य कर रहे हैं। ऐसे विद्यालयों के शिक्षकों के लिए 22 अक्तूबर को सुबह 11 बजे पदस्थान की कार्रवाई की जाएगी। बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि बीएसए कार्यालय में परिषदीय एकल व बंद विद्यालयों में विद्यालय चयन के विकल्प भरे जाएंगे। इस तारीख पर गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों पर बाद में विचार नहीं किया जाएगा।