कन्नौज। दिल्ली से लौट कर आए युवक की ईंट से कूंच कर हत्या के मामले में चार दिन जांच के बाद पुलिस की शक की सुई प्रेम प्रसंग से युवक के पुराने विवादों की ओर घूम गई है। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस युवक के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड व संबंधों को खंगाल रही है।
सदर कोतवाली के लीलापुरवा गांव निवासी सचिन (24) का शव 21 जून सुबह गांव से 500 मीटर दूर मक्का खेत के पास पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के 15 गहरे जख्म पाए गए थे। मां रन्नो देवी और परिजन प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जताते हुए गांव की युवती समेत चार लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हत्या के खुलासे के लिए लगाई गई पुलिस की चार टीमें अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकीं। अब मामले में नया मोड़ आ गया है।
पुलिस का मानना है कि युवक की मां ने आवेश में आकर पुरानी रंजिश में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब पुलिस की शक की सुई सचिन के पुराने विवादों की ओर घूम गई है। पुलिस सचिन हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड व संबंधों को खंगाल कर रही है, क्योंकि उसके विरुद्ध जानलेवा हमला, लूटपाट सहित चार संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि सचिन आए दिन शराब पीकर मारपीट व झगड़ा करता रहता था। कहीं ऐसा तो नहीं शनिवार रात को भी सचिन का शराब पीने के बाद किसी से विवाद हुआ और घर जाते समय उसकी हत्या कर दी गई हो। पुलिस पूरे मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि उनसे पूछताछ की गई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग नहीें बल्कि रंजिश में हत्या का लग रहा है। युवक के आपराधिक रिकॉर्ड और संबंधों को लेकर जांच आगे बढ़ रही है, जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।