नगर के 220 केवी विद्युत उपकेंद्र में रोस्टिंग के बाद जैसे ही तालग्राम फीडर चलाया गया कि उसके ब्रेकर में तकनीकी खराबी आ गई। कर्मचारियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद ब्रेकर को सही किया और तब जाकर तालग्राम क्षेत्र की आपूर्ति बहाल हुई।
गुरुवार दोपहर को तालग्राम फीडर पर रोस्टिंग चल रही थी। शाम चार बजे के करीब जैसे ही कंट्रोल से लाइन लगाने का आदेश हुआ, एसएसओ ने सभी फीडर लगाने शुरू किए। 33 केवी फीडर तालग्राम के ब्रेकर में दिक्कत आने की वजह से वह नहीं लग सका। एसएसओ रामकिशन ने इसकी सूचना ट्रांसमिशन के अधिकारियों को दी, जिस पर अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार, अनिल कुमार ने तालग्राम फीडर के ब्रेकर को चेक किया।
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ब्रेकर को सही किया जा सका, तब जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी। एसडीओ (ट्रांसमिशन) एसके सरल ने बताया कि लगातार चलते रहने से मशीनों में तकनीकी खामियां होना स्वाभाविक हैं। समय-समय पर ब्रेकरों की मरम्मत कराई जाती है। तालग्राम में 132 केवी उपकेंद्र चालू होने के बाद उस क्षेत्र में बिजली की समस्या दूर हो जाएगी।