कन्नौज। शहर के मकरंदनगर कुतलूपुर मोहल्ले में 22 सितंबर 2025 को दिनदहाड़े सुनीता श्रीवास्तव की हत्या और लूटपाट के मामले में मुख्य आरोपी एक लाख रुपये के इनामी जसवंत सिंह उर्फ पंकज चौहान को एसटीएफ ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा जसवंत चार महीने बाद फगुहा गांव में अपना घरेलू सामान उठाने आया था। तभी बाइक खराब होने के कारण बेहरिन गांव के पास एसटीएफ ने उसे दबोच लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, मोबाइल, 16,680 रुपये नकद और कुछ जेवर बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, जसवंत सिंह ने अपने दामाद सूरज कश्यप के साथ मिलकर सुनीता के मकान में टाइल-पत्थर लगाने का काम करते हुए उनकी हत्या की योजना बनाई थी। जसवंत ने सुनीता के हाथ बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर कंक्रीट मसाला भर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह छत पर बने कमरे में गया। वहां उसकी बड़ी बेटी कोमल टीवी देख रही थी। जसवंत ने कोमल को भी बंधक बनाया पर वह कांच का दरवाजा तोड़कर पड़ोसी की छत पर कूद गई। इस दौरान जसवंत और सूरज माल-जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के सयम छोटी बेटी दीया बैंक गई थी, इसलिए उसकी जान बच गई। पुलिस ने 26 सितंबर को दामाद सूरज कश्यप को उन्नाव से गिरफ्तार कर लिया था पर जसवंत फरार था।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने जसवंत पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी जसवंत ने हत्या के बाद लूटे गए 35 लाख रुपये के जेवर बलरामपुर के छपिया कस्बे में विजय ज्वैलर्स को बेच दिए थे। पुलिस अब सराफ की तलाश कर रही है। जसवंत की तलाश में पुलिस राजस्थान, हरियाणा और आंध्र प्रदेश तक गई थी।