ठठिया (कन्नौज)। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर ठठिया थाना क्षेत्र के जनखत गांव में गुरुवार को विराट दंगल एवं कृषि मेले का आयोजन किया गया। दंगल में विभिन्न जिलों के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू से भी पहलवानों ने भाग लिया। जम्मू के फैजल गनी और वाराणसी के सुघर सिंह के बीच रोमांचक कुश्ती हुई। इसमें सुघर सिंह विजेता रहे।
इससे पहले शुभारंभ मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने किया। इस दौरान उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए दंगल कमेटी को सहयोग के रूप में 11 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की। मंत्री ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख उमर्दा अजय वर्मा, कुश्ती संघ अध्यक्ष छोटू यादव, प्रमोद राजपूत, राघवेंद्र दोहरे, प्रधान राजेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
15 किसानों को तरोई का बीज दिया
जनखत में आयोजित कृषि मेले में 15 क्षेत्रीय किसानों को तरोई का बीज वितरित किया गया। इसके अलावा किसानों को कृषि अधिकारियों द्वारा उन्नत खेती के बारे में जरूरी जानकारी दी गई। इस दौरान उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता व अन्य मौजूद रहे।