परिषदीय विद्यालयों की हालत खस्ता।
बेसिक शिक्षाधिकारी ने सोमवार को आधा दर्जन विद्यालयों में आकस्मिक छापेमारी कर शिक्षा की गुणवत्ता परखी। साथ ही कम छात्र संख्या पर नाराजगी जताते हुए बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। बीएसए एपी सिंह के मुताबिक जलालपुर पंचमा के निरीक्षण में नामांकित 55 छात्रों में 36 उपस्थित मिले। प्राथमिक विद्यालय भुरजानी में 71 छात्रों में 14 उपस्थित मिले। विद्यालय में किसी भी कक्षा में नवीन प्रवेश नहीं हुआ।
इस पर नाराजगी जताते हुए इंचार्ज हेड टीचर नीतू सिंह को कड़ी फटकार लगाई गई। बिना अवकाश स्वीकृत के गैरहाजिर मिलने पर सहायक टीचर अनुप्रिया सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। प्राथमिक विद्यालय जेवा में 152 छात्रों में 50 उपस्थित मिले। विद्यालय में किसी कक्षा में नवीन प्रवेश नहीं मिला। हेड टीचर को फटकार लगाई गई। प्राथमिक विद्यालय पट्टी तिर्वा में 81 में 70 उपस्थित मिले।
छात्र संदीप अवकाश नहीं लिख सका, जबकि छात्रा ज्योति बारह का पहाड़ा नहीं सुना सकीं। विद्यालय का भवन जर्जर स्थित में पाया गया। हेड टीचर को शैक्षिक स्तर ठीक करने के निर्देश दिए गए। प्राथमिक विद्यालय रमजनापुर में 36 में 24 छात्र उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक अमित कनौजिया को कड़ी फटकार लगाते हुए शैक्षिक स्तर सुधारने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि समायोजित शिक्षा मित्र पंकज कुमार त्रिपाठी ने त्यागपत्र दे दिया है।
उप्रावि रमजनापुर में 20 में 11 उपस्थित मिले। विद्यालय की चहारदीवारी गिरी होने पर खंड शिक्षाधिकारी को मरम्मत कराए जाने के निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा बीएसए ने सभी को निर्देश दिया कि वह अपने मोबाइल नंबर शैक्षिक समय में स्विच आफ न करे। वह किसी के मोबाइल पर फोन करके शैक्षिक स्तर की जानकारी प्राप्त कर सकते है।