कन्नौज। ब्लॉक सदर क्षेत्र के कंपोजिट स्कूल बेहरिन में कक्षा छह से आठ तक के छात्रों ने मिलकर जैविक खेती शुरू कर दी है। यह खेती व्यापार के लिए नहीं, बल्कि मिड-डे मील के लिए हरी सब्जियों व सलाद आदि के लिए है। कुछ दिन बाद ही विद्यार्थी इनका स्वाद ले सकेंगे।
कन्नौज-तिर्वा फोरलेन किनारे स्थित कंपोजिट स्कूल बेहरिन में जूनियर के छात्र आशुतोष कुमार बताते हैं कि किचन गार्डन के लिए विद्यालय के ही कुछ शिक्षकों ने मार्गदर्शन किया। छात्र अरुण का कहना है कि वह अन्य साथियों के साथ सब्जियों में पानी लगाता है। छात्र शिवम कुमार बताते हैं कि स्कूल में किचन गार्डन बनने से उसे खेती के बारे में कई तरह की जानकारियां भी मिलीं हैं। छात्र दीपक व विमल का कहना है कि स्कूल परिसर में ही किचन गार्डन शुरू होने से ताजा व बिना खाद की सब्जियों का स्वाद ले सकेंगे। सहायक अध्यापक प्रेमशंकर बताते हैं कि छात्र हिमांशु व सुमित भी इस काम में लगे हैं। विद्यालय की सहायक अध्यापक अंजली सैनी, रत्ना वाजपेयी व प्रतिभा सिंह ने छात्र-छात्राओं को स्कूल परिसर में सब्जियां आदि लगाने के लिए प्रेरित किया। बीएसए कौस्तुभ सिंह का कहना है कि कंपोजिट स्कूल बेहरिन का परिसर बेहतर है। यहां छात्रों की संख्या भी अच्छी है। बच्चों ने मिलकर किचन गार्डन तैयार किया है। यह अच्छी पहल है। अन्य स्कूलों के शिक्षक व विद्यार्थी भी इसे अपने यहां शुरू करें।
यह सब्जियां उग चुकीं
प्रभारी प्रधानाध्यापक गायत्री देवी का कहना है कि विद्यालय में धनिया, मेंथी, मूंगफली, प्याज, भिंडी, बैगन, टमाटर, चुकंदर, बंदगोभी व तरोई है। कुछ दिन बाद यह तैयार हो जाएंगी। नए शैक्षिक सत्र से छात्र इनका जायका लेंगे।