उमर्दा में नहर पर निर्माणाधीन पुल का काम ठप होने पर
छात्राओं ने नाराजगी जताई। गुरुवार को छात्राओं ने नारेबाजी कर सेतु निगम
को कोसा। साथ ही डीएम और सांसद डिंपल यादव से इस मामले में दखल देकर समय से
पुल पूरा कराने की मांग की।
राजकीय इंटर कालेज की छात्रा निकारीपुर
निवासी साधना, आरती, रश्मि, वंदना, जूली, प्रियंका, ज्योति ने बताया कि
पुल न होने से हम लोगों को सुबह सात बजे ही स्कूल के लिए निकलना पड़ता है।
पुल होने पर स्कूल की दूरी गांव से केवल एक किमी होगी, जबकि पुल टूटने से
13 किमी का चक्कर लगाकर स्कूल आना पड़ता है।
चटरुआपुर की रंजना,
सोनी, रोली, विनीता का कहना है कि उनके गांव से स्कूल की दूरी मात्र डेढ़
किमी है, लेकिन पुल न बनने से 12 किमी घूमकर आना-जाना पड़ता है। स्कूल से
छुट्टी होने के बाद घर जाते समय सुनसान रास्ते पर सदैव खतरा रहता है।
टीचर
सुनीता, संगीता, मंजू ने बताया तिर्वा से स्कूल आने में पहले 10 रुपये
लगते थे। अब 23 किमी चक्कर लगाकर आना पड़ता है। वाहन चालक दोगुना किराया
वसूलते हैं। स्कूल पहुंचने में विलंब भी होता है। संत जय किशनलाल इंटर
कालेज की छात्रा अर्चना, छात्र शिवम, आर्यन, संतोष, विपिन ने पुल का
निर्माण जल्द कराने की मांग की।