नादेमऊ रोड पर ग्राम मझिगवां के पास गिट्टी लदे तेज
रफ्तार ट्रक ने स्कूल से पढ़कर घर जा रहे साइकिल सवार छात्र को रौंद दिया,
जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे खाई में जाकर पलट
गया। दुर्घटना की जानकारी होते ही मौके पर जुटे ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
लगभग ढाई घंटे तक रहे जाम को एसडीएम व सीओ ने आश्वासन देकर खुलवा दिया। ग्राम
मझिगवां निवासी हरीराम शाक्य दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार
गांव में रहता है। उनका छोटा पुत्र पंकज (12) श्यामप्यारी जूनियर हाईस्कूल
में कक्षा सात का छात्र है। गुरुवार को वह स्कूल से पढ़कर साइकिल से अपने
घर लौट रहा था।
गांव के मोड़ पर जैसे ही वह पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे
गिट्टी लदे ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसा होते ही चालक
नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गया। छात्र का
शव भी ट्रक के पहिये में फंसा रहा। हादसा होते ही मौके पर ग्रामीणों की
भीड़ जुट गई।
इस बीच जानकारी मिलने पर छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सौरिख-नादेमऊ रोड पर जाम लगा दिया। जाम
लगते ही सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना
मिलते ही सीओ वीपी सिंह सोलंकी, एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, एसओ रजनेश
चौहान पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
अफसरों ने जाम लगाए लोगों को
काफी समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण सड़क पर ब्रेकर बनाने और मृतक के
परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग पर आड़े थे। एसडीएम ने उन्हें
आश्वासन दिया। काफी समझाने के बाद करीब ढाई घंटे बाद जाम खुल सका।
छात्र के
चाचा प्रदीप कुमार पुत्र गयाप्रसाद की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ
दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मृतक छात्र के शव का पंचनामा भरवाकर
उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।