सौरिख। घर से गुरुवार रात शौच को निकले छात्र का शव गांव के बाहर फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने शुक्रवार को हत्या कर शव फंदे पर लटकाने की आशंका जताई है। पुलिस, फॉरेंसिक टीम ने डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल पर जांच पड़ताल की और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस पूरे मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है।
क्षेत्र के ग्राम नगला डड़ुअन निवासी पीयूष (18) कक्षा 11 का छात्र था। परिजनों ने बताया कि पीयूष रात 9.30 बजे घर से शौच करने की बात कहकर निकला था। उन्हें लगा कि पीयूष घर आकर सो गया होगा। सुबह 8.30 बजे पिता सुदीप कुमार ने जब पीयूष के कमरे में देखा तो वह नहीं था। इसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की पर पता नहीं चला। गांव के बाहर रामलखन के खेत में पीयूष का शव ग्रामीणों ने फंदे पर लटका देखा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। तब परिजन मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। माहौल को बिगड़ता देखकर छिबरामऊ, विशुनगढ़, सकरावा थाने की पुलिस टीम भी बुला ली गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल पर जांच पड़ताल की और साक्ष्य एकत्र किए। डॉग स्क्वाड घटनास्थल से पीयूष के घर तक गया। खेत में एक पेड़ में कपड़ा लटका मिला पर डॉग वहां से घटनास्थल तक ही रहा। प्रभारी निरीक्षक जयंती गंगवार ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।