विशुनगढ़। खेत में बकरी चराने गया छात्र साथी बच्चों के साथ तालाब में नहाने लगा। गहराई में जाने से डूबकर उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना विशुनगढ़ कस्बा निवासी चिंटू कमल का बेटा सूरज कमल (14) कस्बे के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था। रविवार की दोपहर करीब तीन बजे वह दोस्तों के साथ सरैया रोड पर खेत में बकरियां चराने गया था। साथी बच्चों के साथ वह पास ही स्थित तालाब में नहाने लगा। गहराई में जाने से वह डूब गया। बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे।
बच्चों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से सूरज की तालाब में तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे बाद सूरज को तालाब से बाहर निकाला। परिजन उसे नगला दिलू स्थित सौ शैया अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पिता चिंटू मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। सूरज की मौत के बाद पिता चिंटू, मां अनीता, भाई सर्वेश, बहन राधा, वैष्णवी व रानी का रो-रोकर बुरा हाल है।