कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर पैठ में गुरुवार की रात चाय की दुकान पर मामूली कहासुनी खूनी खेल में बदल गई। कुछ लोगों ने विवाद के बाद छह लोगों पर बोलेरो चढ़ा दी। घटना में बीएससी के छात्र की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर तीन की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छात्र के चचेरे भाई की तहरीर पर छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सदर क्षेत्र के ग्राम रामपुर निवासी अरविंद सिंह कोल्ड स्टोरेज से आलू देखकर रात 8.50 बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में महमूदपुर पैठ गांव के पास एक चाय की दुकान पर वह कुछ लोगों के साथ बैठकर बातचीत करना लगे। हंसी-मजाक के दौरान वहां मौजूद महमूदपुर पैठ गांव के मटरू उर्फ श्याम सिंह उलझ गया। अरविंद ने पूछा कि मुझे पहचानते नहीं हो, तो मटरू ने तल्ख लहजे में कहा कि नहीं पहचानते तो क्या करोगे। बस इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर अरविंद ने गांव आशीष उर्फ भोलू (17) पुत्र मलखान सिंह बीएससी कृषि का छात्र समेत पृथ्वी सिंह, शिवा, आदित्य, राकेश दोहरे आदि को बुला लिया। इनको देखते ही मटरू ने साथी अंकित से चिल्लाकर कहा कि इन सबके ऊपर बोलेरो चढ़ा दो, कोई बचने न पाए। तब अंकित ने बोलेरो चढ़ा दी। हादसे में आशीष उर्फ भोलू, पृथ्वी सिंह, शिवा, आदित्य, राकेश दोहरे और महिला जाफरीन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर डॉक्टर ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पृथ्वी, राकेश और जाफरीन की हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजन में चीख-पुकार मच गई।
एसपी विनोद कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आशीष के चचेरे भाई आदित्य सिंह की तहरीर पर मटरू उर्फ श्याम सिंह, अंकित, पंकज, पवन, आशीष और शुभम सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की है।
वर्जन
दो पक्षों में कहासुनी के बाद एक युवक ने छह लोगों पर बोलेरो चढ़ा दी। घटना में छात्र की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई है।
-विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक, कन्नौज