गुरसहायगंज। सरेआम बाइक सवार दो युवकों ने छात्र का अपहरण कर लिया। ब्रेकर पड़ने पर बाइक धीमी हो गई। तब छात्र ने चलती बाइक से कूदकर जान बचाई। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
कस्बे समधन निवासी जमील अख्तर का आठ वर्षीय पत्र शोएब मदरसा में पढ़ता है। गुरुवार की दोपहर 12 बजे मदरसा के बाहर लगे हैंडपंप पर वह पानी पीने गया था। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंच गए। जबरिया शोएब को उठाकर बाइक पर बैठा लिया। फर्रुखाबाद की ओर जाते समय कस्बे के बाहर ब्रेकर पड़ने पर शोएब चलती बाइक से कूद गया। यह देखकर अपहरणकर्ता भाग निकले। कोतवाली घायल बेटे के साथ पहुंचे जमील अख्तर ने शिकायत की। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक किए जाएंगे। मामले की छानबीन कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।