छिबरामऊ। हीरालाल वीएन इंटर कालेज में मंडलीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। बालक और बालिका अंडर 19 व 14 में कन्नौज टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए मंडल चैंपियन का खिताब हासिल किया। कानपुर व फर्रुखाबाद जनपद की टीम सबसे फिसड्डी साबित हुई। अंडर 19 बालक वर्ग में कन्नौज प्रथम व इटावा द्वितीय, अंडर 14 बालक वर्ग में कन्नौज प्रथम व औरया द्वितीय स्थान पर रहीं। अंडर 19 बालिका वर्ग में औरैया की टीम प्रथम व कन्नौज द्वितीय स्थान पर रहीं।
हीरालाल वी एन इंटर कालेज के खेल मैंदान में कानपुर मंडल के इटावा, औरैया, कानपुर नगर, फर्रुखाबाद तथा कन्नौज की 18 कबड्डी टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कानपुर देहात से एक भी टीम प्रतियोगिता में शामिल नहीं हुई। गुरुवार को डीआईओएस राजेंद्र बाबू व हीरालाल वीएन कालेज के प्रबंधक आलोक गुप्ता उर्फ टिल्लू, प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह यादव ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद राजकीय इंटर कालेज उमर्दा के प्रधानाचार्य अजय यादव ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को शील्ड व अन्य टीमों के खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए।
देर शाम तक चली प्रतियोगिता के दौरान क्रीड़ा सचिव मेजर सुनील यादव, होशियार सिंह औरेया, संदीप कुमार कानपुर, कौशलेंद्र यादव इटावा, सुब्रत शाक्य फर्रुखाबाद, क्रीड़ा प्रभारी वीरेंद्र वर्मा, आदित्य गंगवार, राहुल त्रिपाठी, जनवेर सिंह व मंजेश मौजूद रहे।
-----------
बूंदाबांदी के बीच खिलाड़ियों ने दिखाए दांवपेच
गुरुवार को प्रतियोगिता शुरू होने के बाद उमस के कारण भीषण गर्मी रहीं। दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और ठंडी हवाओं के साथ कुछ देर तक बरसात हुई। गर्मी और बूंदाबांदी के बीच खिलाड़ियों ने अपने हुनर का बेहतरीन प्रदर्शन किया। सभी टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे को पटखनी देने की जुगत में लगे रहे। खिलाड़ियों के दांव पेंच देखकर मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
---------------
राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता मऊ में 11 से
हीरालाल वीएन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मंडल स्तर पर जीत हासिल करने वाली कबड्डी टीमें 11 से 14 अक्तूबर को आजमगढ़ मंडल के मऊ जनपद के रतनपुरा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें शामिल होंगी।
------------------
व्यवस्था में लगे रहे एनसीसी व स्काउट गाइड
मंडलीय कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान एनसीसी कमांडेंट कैप्टन संदीप माधव, स्काउट गाइड प्रभारी सत्यपाल सिंह अपनी अपनी टीमों के साथ व्यवस्था में जुटे रहे। कालेज एनसीसी टीम के अंडर अफसर अरसलान अली, पवन यादव, विशाल दुबे, तान्या, शीतल के नेतृत्व में सभी कैडेट्स ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सराहनीय योगदान दिया।