तालग्राम (संवाद)। बीएससी के छात्र की 17 दिन बाद इलाज के दौरान गुरुवार शाम को मौत हो गई। छात्र कस्बे में संचालित जिम में कसरत करने जाता था। परिजन ने जिम संचालक पर शक्तिवर्धक पाउडर पिलाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने जिम को सील कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्र के कलकत्तापुरवा कुड़रा निवासी विकास कुमार (20) बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। पिता संतोष कुमार ने बताया कि पुत्र सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। अग्निवीर भर्ती की दौड़ में पास हो चुका था। विकास कस्बे के जयनगर में शिवम मैक्स पावर हब जिम सेंटर पर अभ्यास करने जाता था। उसका संचालन गांधी नगर निवासी भूपेश श्रीवास्तव करते हैं। आरोप लगाया कि भूपेश ने बेटे को शक्तिवर्धक पाउडर पीने के लिए दिया था। पाउडर पीने के बाद से बेटे की हालत बिगड़ने लगी जिसके बाद कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। डाॅक्टरों ने जांच के बाद पाउडर के असर से गुर्दा, लीवर और फेफड़े खराब होने की बात कही थी। 17 दिनों तक इलाज के बाद विकास की मौत हो गई। शव घर आते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां राजकुमारी, छोटी दो बहनें प्रीति और प्रिया के अलावा एक छोटा भाई आदर्श है।
थाना प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि जिम संचालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा। सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शक्तिवर्धक पाउडर को जब्त कर खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच कराई जाएगी।
डेढ़ साल में पाउडर पीने से हुईं दो मौतें
जिम सेंटर संचालक अभ्यास तो करा सकते हैं पर दवा या शक्ति वर्धक पाउडर नहीं दे सकते हैं। कमाई के चक्कर में जिम संचालक कई तरह की शक्तिवर्धक दवाएं और प्रोटीन पाउडर की बिक्री करते हैं। मार्च 2024 में इसी जिम का पाउडर पीने से कटरा निवासी बिट्टू पटेल की मौत हो गई थी। मामले ने काफी तूल पकड़ा था लेकिन बाद में रफा-दफा कर दिया गया था। अगर उसी समय मामले को गंभीरता से लिया जाता तो विकास की मौत नहीं होती।
जिम सेंटर पर मानक नहीं पूरे
जिम के लिए फायर सर्विस और क्रीड़ा विभाग के अलावा नगर पंचायत से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना जरूरी है। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक दीपक सविता ने बताया कि जिम के लिए नगर पंचायत से अनापत्ति प्रमाण नहीं लिया गया था।