ठठिया। भूमि विवाद को लेकर दबंगों पर घर में घुस कर लाठी-डंडों से मारपीट कर धमकाया और जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया। पीड़ित ने खेत में खड़ी फसल काटने से रोकने का भी आरोप लगाया है। बताया कि भतीजे को पीटकर घायल कर दिया, जिसका राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में इलाज चल रहा है। मामले में रविवार को सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थाना ठठिया क्षेत्र के पलटेपुरवा गांव निवासी शिवदत्त ने शिकायती पत्र में बताया कि भूमि को लेकर विपक्षियों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि विपक्षी लाठी-डंडे लेकर उसके घर पर पहुंच गए और जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप है कि विपक्षियों ने खेत में खड़ी फसल काटने से भी रोक दिया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। वहीं, विवाद के दौरान उसके भतीजे गोलू को पीट कर घायल कर दिया, जिसका राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में उपचार चल रहा है।
पीड़ित के अनुसार उसके घर के दरवाजे पर लगे सीसीटीवी कैमरा में घटना से संबंधित फुटेज मौजूद हैं। उसने पुलिस अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कराकर घटना की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह ने बताया कि तहरीर और वायरल वीडियो की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।