कन्नौज, गुगरापुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा केंद्र की त्रिस्तरीय निगरानी होगी। इसके लिए तीन स्तर पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। इसमें एक विद्यालय, दूसरा जनपद और तीसरा परिषद मुख्यालय में रहेगा। एकदूसरे से सभी जुड़े रहेंगे। जिम्मेदार किसी भी परीक्षा केंद्र की लाइव सीधे देखे सकेंगे। अगर गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की जाएगी। नकल विहीन और भयमुक्त परीक्षा संपन्न कराए जाने के लिए त्रिस्तरीय निगरानी की व्यवस्था की गई है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित है। इस बार परीक्षा में 49200 से अधिक बच्चे शामिल हो रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे से लैस 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन की जांच में मानक पर खतरा उतरने के बाद बोर्ड की ओर केंद्र बनाया गया है। परीक्षा पारदर्शिता पूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। इसके लिए वायर रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे से लैस विद्यालय को केंद्र बनाया गया है। केंद्रों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल बनाया जाएगा। वहीं, इन परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जिला स्तर पर एक कंट्रोल बनाया जाएगा। इसके अलावा इन दोनों की निगरानी बोर्ड के कंट्रोल रूम से होगी। इसके लिए दोनों के डिवाइस को कनेक्ट किया जाएगा। जिससे सीधे किसी भी परीक्षा केंद्र को देखा जा सकेगा। वहीं, विद्यालयों के कंट्रोल रूम लगे डीवीआर का वैकअप एक माह से अधिक तक रहता है। कैमरे 24 घंटे सक्रिय रहेंगे, जिससे पूरी तरह से नजर रहे। कंट्रोल रूम बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीआईओएस डॉ. पूरन सिंह का कहना है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की मंशानुसार बोर्ड परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।