राजकीय मेडिकल कालेज में एक से पांच नवंबर तक स्पोर्टस व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेडिकल कालेज के एमबीबीएस छात्र कार्यक्रम को भव्य रूप देने में जुटे हैं। कार्यक्रम में बाहर से भी जाने माने कलाकारों को बुलाया जा रहा है।
मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ.डीएस मारतोलिया ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि इस वर्ष वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। इसे ‘सरगम 2015’ का नाम दिया गया है।
एक से तीन नवंबर की शाम तक आउट डोर व इंडोर गेम्स के अलावा फुटबाल, बालीवाल, हैंडवाल, क्रिकेट, खो-खो व एथलीट प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा बैडमिंटन, टेबिल टेनिस, शतरंज की प्रतियोगिताएं भी होंगी। तीन से पांच नवंबर की शाम सात बजे से डांस, ग्रुप डांस, रंगमंच, जाग्रति, फाइन आर्ट रंगोली, वाल पेंटिंग सहित कई कार्यक्रम होंगे।
चार नवंबर को होने वाला फैशन शो मुख्य आकर्षण होगा। तीन नवंबर की रात डीजे नाइट व पांच नवंबर की रात सेलेब्रिटी नाइट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक डॉ.वीएन त्रिपाठी, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक हिस्सा लेंगे।
उधर, कार्यक्रम के सचिव व मेडिकल छात्र विष्णुकांत व शैलजा ने बताया कि 29 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक मेडिकल कालेज परिसर में क्वालीफाइंग गेम्स व स्पोर्टस शुरू होंगे। प्रतियोगिताओं का फाइनल एक से तीन नवंबर तक चलेगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मेडिकल कालेज के सीएमएस डॉ.दिलीप सिंह, सर्जन आईए अंसारी आदि मौजूद रहे।