पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में विकास खंड उमर्दा और हसेरन में छिटपुट विवाद
के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हसेरन ब्लाक के चपुन्ना मतदान
केंद्र पर दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच नोकझोंक के बाद मारपीट हो
गई। पुलिस ने लाठियां चटकाकर उपद्रवी भीड़ को खदेड़ दिया।
दो लोगों को
गिरफ्तार कर लिया। डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। उधर, दोनों ब्लाकों में
62.80 फीसदी मतदान हुआ। उमर्दा ब्लाक में मतदान
केंद्र बहोसी में फर्जी मतदान केंद्र को लेकर उम्मीदवारों के समर्थकों में
नोकझोंक हो गई और हाथापाई शुरू हो गई। इससे भीड़ लग गई। बाद में पुलिस ने
बीचबचाव कर उपद्रवियों को भगा दिया।
गांव विलंदापुर में बीडीसी सदस्य पद के
दो प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। इससे लात-घूंसे चल गए। सुरक्षा कर्मियों के
पहुंचने पर झगड़ रहे लोग भाग गए। मोहब्बतपुर मतदान केंद्र पर माहौल
बिगाड़ने पर छह लोगों को पुलिस ने पकड़कर थाने में बंद कर दिया। उमरन मतदान
केंद्र के छह अभिकर्ताओं को हंगामा करने पर पकड़कर पुलिस ने थाने भेजे।
वहीं उम्मीदवारों ने वोटरों को करवाचौथ का कलेंडर, दुपट्टे बांटे। बारिश के
कारण पोलिंग पार्टियों को दिक्कतें भी हुई। मतदान केंद्र मोहद्दीनगर में
प्रत्याशी के पुत्र को पुलिस ने पकड़ा।रास्ते में वह मौका पाकर पुलिस
कस्टडी से भाग निकला। चार बजे के बाद बारिश होने पर अंधेरा छा गया, जिससे
कैंडल व पेट्रोमैक्स लाइट जलाकर मतदान कराया गया।
इसके अलावा प्राइमरी
पाठशाला करनपुर बूथ पर जिला पंचायत की वार्ड 26 की प्रत्याशी के पति सुरजीत
यादव ने प्रेक्षक व डीएम को फोन करके दूसरी प्रत्याशी के पति सपा नेता
द्वारा पोलिंग डंप करने की शिकायत की। इस पर सेक्टर मजिस्ट्रेट पोलिंग बूथ
पर पहुंचे। तब तक सपा नेता जा चुके थे।
बाद में खुद एसपी ने खुद पहुंचकर
सुरक्षा का जायजा लिया और सुरक्षा कर्मियों को किसी भी तरह की गड़बड़ी न
होने के निर्देश दिए। प्राइमरी पाठशाला इंदरगढ़ मतदान केंद्र पर सपा नेता
उमा शंकर बेरिया प्रत्याशी पूजा पाल के एजेंट के रूप में मौजूद थे। वह खुद
बीडीसी के प्रत्याशी भी हैं।
गलत तरीके से एजेंट बनाने पर पुलिस ने
उन्हें मतदान केंद्र से बाहर निकाल दिया। मोहद्दीनगर में एक प्रत्याशी के
पुत्र ने हंगामा किया तो पुलिस पकड़कर थाने ले जाने लगी। रास्ते में वह जीप
से कूदकर भाग निकला। उधर, अंतिम चरण के पंचायत चुनाव में दोनों ब्लॉकों
में कुल 62.80 फीसदी मतदान हुआ।
उमर्दा व हसेरन में मतदान का प्रतिशत
आगे-पीछे चलता रहा। अंत में बाजी हसेरन ने मार ली। यहां एक फीसदी वोट अधिक
पड़े। सुबह सात बजे से नौ बजे के बीच उमर्दा व हसेरन में बराबर-बराबर 8.90
फीसदी वोट पड़ा। पूर्वाह्न 11 बजे तक उमर्दा में 21.50 फीसदी और हसेरन में
24 फीसदी मतदान हुआ। दोपहर एक बजे 37.13 फीसदी उमर्दा में तो हसेरन में 38
प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया।
तीन बजे उमर्दा में मतदान का प्रतिशत
54 और हसेरन में 50.30 फीसदी वोट पड़े। शाम पांच बजे उमर्दा में 62.30
फीसदी व हसेरन में 63.40 फीसदी मतदान हुआ। दोनों ब्लाकों का औसत कुल 62.80
प्रतिशत रहा। अपराह्न चार बजे के करीब मौसम में अचानक बदलाव आ गया। रिमझिम
बरसात हुई, इससे मतदान प्रभावित हुआ।